दन्या (अल्मोड़ा)। जिला मुख्यालय से दन्या के लिए रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दन्या और आसपास से बड़ी संख्या में लोग रोजाना जिला मुख्यालय आवाजाही करते हैं। ऐसे में नियमित बस सेवा के नहीं होने से यात्री परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने बस संचालित करने की मांग की है।
अल्मोड़ा जिला मुख्यालय से दन्या के लिए रोडवेज की कोई बस सेवा नहीं है। बाड़ेछीना, पेटसाल, तोली, पनवानौला, जागेश्वर आर्तोला, गरूड़ाबाज, काफलीखान, धनूली, दन्या, ध्याड़ी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग प्रतिदिन जरूरी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय आवाजाही करते हैं। इस रूट पर नियमित बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को टैक्सी में अतिरिक्त किराया चुकाकर आवाजाही करना पड़ता है। इससे यात्रियों की जेब पर भार पड़ रहा है। बुजुर्ग, दिव्यांग और छात्राओं को निशुल्क यात्रा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई बार टैक्सी नहीं मिलने के कारण यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
टैक्सी में सफर करने को मजबूर यात्री
स्थानीय निवासी दीवान सिंह, रमेश सिंह और मनोज सिंह का कहना है कि दन्या से जिला मुख्यालय को बस का संचालन नहीं है। लोग टैक्सी में सफर करने को मजबूर हैं। कई बार टैक्सी चालक भी मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूलते हैं। ऐसे में लोगों के हित में दन्या से जिला मुख्यालय के लिए बस सेवा होनी चाहिए।
वर्जन :
अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ मार्ग पर हल्द्वानी और पिथौरागढ़ डिपो की बहुत बसें संचालित हैं। अल्मोड़ा से दन्या पिथौरागढ़ के लिए बस चलाना निगम हित में नहीं है। - विजय तिवारी, सहायक महा प्रबंधक रोडवेज, अल्मोड़ा