पुलिस टीम के साथ चोरी का आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली पुलिस ने सैन्य क्षेत्र में हुई कई चोरियों का खुलासा किया है। चोरियों का आरोपी कोई और नहीं बल्कि एक पूर्व फौजी निकला। आरोपी ने सेना के कर्नल, मेजर और केंद्रीय विद्यालय की आवासीय कालोनी में चोरियां की थी। पुलिस ने आरोपी को उसके गरुड़ बैजनाथ स्थित सिरकोट गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, साथ ही चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है, जबकि हजारों रुपए की नकदी आरोपी खर्च कर चुका है।
मालूम हो कि दिसंबर 2016 में सेना के मेजर अमित कुमार सांगवान, बीते माह 13 फरवरी को कर्नल हरिदासन और 27 फरवरी को केंद्रीय विद्यालय की स्टाफ कालोनी में दिन दहाड़े चोरियां हो गई थी। मामले की एफआईआर प्रभावितों ने कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी कमल राम ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी सेना का एक डिस्चार्ज जवान गरुड़ बैजनाथ के सिरकोट गांव निवासी देवेंद्र पाल सिंह है। सेना में रहते उच्चाधिकारियों के साथ विवाद के बाद उसने वीआरएस ले लिया था। मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी ने जुर्म कुबूल कर लिया है। उसके पास से चोरी किए गए लैपटॉप, मोबाइल बरामद हो गया है, इसके अलावा कई घरेलू सामान भी पकड़ा गया है। अलबत्ता चोरी की गई 32 हजार रुपए की नकदी आरोपी ने खर्च कर दी है। उसे धारा 457, 380 और 411 के तहत जेल भेज दिया गया है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एसएसआई हरीश प्रसाद, एसआई गौरव जोशी, एसओजी प्रभारी भूपाल राम, संदीप सिंह, त्रिलोक रौतेला, दीपक खनका आदि शामिल थे। \