फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टेड़ागांव के ग्रामीणों ने खुद बनानी शुरू की सड़क

Thu, 12 Apr 2018 10:29 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  अल्मोड़ा।
विज्ञापन
श्रमदान से रोड बनाते ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

 ग्राम पंचायत टेड़ागांव के ग्रामीणों ने तड़ागताल मोटर मार्ग से श्रमदान कर अपने गांव के लिए करीब सौ मीटर सड़क बना ली है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण विशेष रूप से कृषि कार्य की असुविधा को देखते हुए किया गया है। सड़क बनने से ट्रैक्टर आसानी से गांव में आ जाएंगे जिससे हल जोतने आदि के लिए बैलों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी। 

विज्ञापन


करीब पांच सौ की जनसंख्या वाले ग्राम पंचायत टेड़ागांव में करीब डेढ़ सौ परिवार रहते हैं। हालांकि तड़ागताल सड़क से लगे गांव के कुछ मकान तड़ागताल मोटर मार्ग के निकट हैं, परंतु गांव के लिए सड़क न होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इससे परेशान ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का मुंह ताकने के बजाए खुद ही सड़क बनाने की बीड़ा उठा लिया। 

सामूहिक निर्णय लेने के बाद गांव के लोग पिछले दस दिनों से सब्बल, बेल्चा और फावड़ा आदि लेकर सड़क बनाने में जुटे हैं। अधिकांश स्थानों पर समतल भूमि होने के चलते ग्रामीणों का अभियान आसानी से आगे बढ़ रहा है। गांव के लोग अब तक करीब सौ मीटर सड़क बना चुके हैं। 
विज्ञापन


गांव के बीडीसी सदस्य आनंद नाथ और ग्राम प्रधान ज्योत्सना कठायत ने बताया कि गांव के लिए  सड़क न होने से छोटे वाहनों के साथ ही कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टरों का आवागमन भी नहीं हो पा रहा था। पहले लोग बैलों से खेत जोतते थे, परंतु अब बैल भी आसानी से नहीं मिल पा रहे हैं। इसी से परेशान ग्रामीणों ने गांव की हजारों नाली भूमि को बचाने के लिए सड़क बनानी शुरू की है। 
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लोगों ने मदद के लिए कुछ जनप्रतिनिधियों से भी निवेदन किया था परंतु निराशा ही हाथ लगी। अंत में लोगों ने सामूहिक प्रयास से सड़क का निर्माण शुरू कर दिया।
गांव के लोगों का कहना उन्हें करीब सौ मीटर सड़क और बनानी है जिसे वे पंद्रह दिन के भीतर पूरा करने का प्रयास करेंगे। सड़क निर्माण में प्रधान व बीडीसी सदस्य के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता शिवराज कठायत, देवसिंह पैलिया, प्रताप सिंह, आनंद पटवाल और रमेश कठायत सहित पांच दर्जन ग्रामीण जुटे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें