अल्मोड़ा। ताकुला क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए ग्राम प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के नाम राशन कार्ड में दर्ज नहीं हैं, जिससे वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
इसके अलावा बसोली-ताकुला क्षेत्र में राजस्व उपनिरीक्षकों के चार स्वीकृत पदों के सापेक्ष केवल दो ही तैनात हैं। आरोप है कि तैनात उपनिरीक्षक भी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते, जिससे ग्रामीणों को कार्यों के लिए भटकना पड़ता है। संगठन ने राजस्व उपनिरीक्षकों के कार्यालय में बैठने के दिन निर्धारित करने की मांग की है। पेयजल संकट भी क्षेत्र की प्रमुख समस्या बना हुआ है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल, हर घर जल योजना में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।
झिझाड़, सुनोली, भैसोड़ी, बसौली, डाटियालगांव, भकूला, जाख, सौड़ा, पाटिया, भट्टगांव, किरड़ा, नाई ढौल, पनेर गांव, बीना, कांडे और पोखरी सहित कई ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। ग्राम प्रधान संगठन ने इन योजनाओं को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। इस दौरान संगठन अध्यक्ष सुनील बारोकोटी, सचिव मदन सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान ज्योति डंगवाल, खीम सिंह, शीला आर्या, हेम लोहनी, भगवत राम, आंचल आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।