अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में बीते बृहस्पतिवार को एलएलबी चौथे सेमेस्टर की सिविल प्रोसीजर कोड की परीक्षा एक फर्जी मैसेज के कारण स्थगित करनी पड़ी। मामला संज्ञान में आने के बाद विवि के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी व्हाट्सएप संदेश भेजने वाले अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
दरअसल विद्यार्थियों के व्हाट्सएप ग्रुप में किसी अज्ञात ने एलएलबी चौथे सेमेस्टर की बृहस्पतिवार को होने वाले परीक्षा के निरस्त होने का मैसेज भेज दिया। इस संदेश के वायरल होने के बाद हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर समेत कुमाऊं के विभिन्न जिलों में रहने वाले कई छात्र-छात्राएं भ्रमित हो गए और परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
इसके बाद परीक्षा केंद्र पहुंचे विद्यार्थियों का एक वर्ग परीक्षा कराने तो दूसरा पक्ष परीक्षा स्थगित करने की मांग पर अड़ गया। तब परीक्षा नहीं करवाने की मांग करने विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण वरिष्ठ परीक्षा केंद्राध्यक्ष डॉ. अरशद हुसैन ने परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया।
अब इस मामले में विवि के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि विवि की वेबसाइट में जारी परीक्षा सूची की फोटो डाउनलोड कर किसी ने इसमें एडिटिंग कर परीक्षा निरस्त होने का मैसेज ग्रुप में भेजा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला काफी गंभीर है ऐसे व्यक्ति पर विवि प्रबंधन उचित कार्रवाई करेगा। कुलपति ने कहा कि छूटी परीक्षा की तिथि परीक्षा पूर्ण होने के बाद अलग से जारी की जाएगी।