राजकीय जूनियर हाईस्कूल खडगोली के परिसर में स्थित चीड़ के विशालकाय तीन पेड़ स्कूल भवन, बच्चों के लिए खतरे का सबब बने हैं। वहां पढ़ रहे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक, शिक्षक चिंतित हैं। ग्रामीण वन और शिक्षा विभाग से कई बार इन पेड़ाें को हटाने की मांग कर चुके हैं।
खडगोली स्कूल परिसर में चीड़ के तीन बड़े पेड़ खड़े हैं। इन पेड़ों की शाखाएं टूटकर स्कूल भवन के ऊपर गिर जाती हैं। पेड़ों की जड़ें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इनकी मोटाई बढ़ने से स्कूल भवन में दरारें आ चुकी हैं। इन कमरों को खोलने में दुर्घटना की आशंका रहती है। आंधी के दौरान पेड़ों के गिरने की आशंका रहती है। प्रधानाध्यापक चंदन सिंह रावत का कहना है कि इन पेड़ों को काटने के लिए सीआरसी सहित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजे गए, लेकिन डेढ़ साल बाद भी पेड़ नहीं हटाए जा सके। वहीं, रेंजर दीवानी राम ने बताया कि स्कूल से पेड़ों को हटाने का कोई मामला उनके स्तर पर लंबित नहीं है।