केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने एनएच-109 पर क्वारब के पास दरक रही पहाड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पहाड़ी के ट्रीटमेंट कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
रविवार को निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी के धराली, चमोली के थराली, पिथौरागढ़ और चंपावत में आई प्राकृतिक आपदाओं से सड़कों को भारी क्षति पहुंची है। प्रभावित जिलों में सड़कों और पुलों के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। केंद्र सरकार आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में उत्तराखंड सरकार को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
अजय टम्टा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सड़कों के पुनर्निर्माण और ट्रीटमेंट कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केंद्र सरकार की प्राथमिकता सूची में शामिल है इसलिए आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों को तुरंत गति दी जाएगी।
राज्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से प्रदेश के विभिन्न आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया है। वहां प्रभावित लोगों से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया गया है कि केंद्र और राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। बरसात समाप्त होने के बाद प्रदेश में नई सड़क परियोजनाओं पर भी काम शुरू करने की योजना है।