अल्मोड़ा। नगर के बैंक और एटीएम में लोगों की कतार अभी भी लगी हुई है। पेंशनर और वेतन के लिए पहुंचे लोग अपनी बारी के इंतजार में सुबह से लाइन में लगे रहे। एसबीआई बैंक में कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण मंगलवार दोपहर दो बजे तक बैंक में कैश ट्रांजेक्शन का काम नहीं हो सका। जिससे लोगों को करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा।
माह के शुरुआती दिनों में वेतन और पेंशन लेने वालों की भीड़ अभी भी बैंकों में लगातार आ रही है। मंगलवार को अचानक कनेक्टिविटी गायब होने से जहां बैंक कर्मचारी परेशान रहे वहीं बैंक में पहुंचे लोगों को भी भारी निराशा का सामना करना पड़ा।
दोपहर दो बजे तक लोग बैंकों में कनेक्टिविटी के इंतजार में रहे। इस दौरान पास बुक एंट्री का काम ही हो सका। एसबीआई के मुख्य प्रबंधक जगदीश कुमार ने बताया कि मुंबई स्थित हेड कार्यालय से कनेक्टिविटी की समस्या के कारण कैश ट्रांजेक्शन का काम नहीं हो पाया। दोपहर दो बजे के करीब कनेक्टिविटी की समस्या दूर हो सकी, तब जाकर बैंक कर्मियों के साथ ही खाताधारकों ने राहत की सांस ली। इधर एटीएम में भी लोगों के आने का क्रम लगातार जारी है।