अल्मोड़ा। धौलछीना विकासखंड के बेलवाल गांव में बीते सोमवार शाम तेंदुए ने कक्षा छह की 12 वर्षीय छात्रा पल्लवी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। परिजनों के शोर मचाने पर बच्ची बाल बाल बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मंगलवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। धौलछीना अनुभाग के वन दरोगा रमेश चंद्र पांडे, बीट अधिकारी लक्ष्मण राम और कनारीछीना रेंज के वन बीट अधिकारी नंदाबल्लभ जोशी सहित फायर वाचक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर गुलदार के पंजों के निशान और संघर्ष के साक्ष्यों का बारीकी से मुआयना किया। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार अब आबादी के बेहद करीब पहुंच चुके हैं और दिन-दहाड़े हमले कर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि हिंसक गुलदार को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाया जाए ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। कनारीछीना के वन क्षेत्राधिकारी नवीन टम्टा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास चार कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। साथ ही फॉरेस्टर, फॉरेस्ट गार्ड और फायर वाचर शाम के समय नियमित गश्त करेंगे।