अल्मोड़ा । मानसून के दौरान हुई आपदाओं से जनपद में हुई क्षति का आकलन करने के लिए भारत सरकार की विशेषज्ञ टीम अल्मोड़ा पहुंची। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर नुकसान की जानकारी ली।
शुक्रवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेषज्ञ टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भवनों, सड़कों, पुलों और आजीविका पर पड़े प्रभावों की समीक्षा की। इसके बाद टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण और मूल्यांकन भी किया।
सीडीओ ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी साझा की। टीम ने बताया कि आकलन रिपोर्ट के आधार पर दीर्घकालिक पुनर्प्राप्ति और पुनर्निर्माण की रूपरेखा तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
भारत सरकार की टीम में डॉ. अजय चौरेसिया, डॉ. मोहित कुमार पुनिया, डॉ. महेश शर्मा, सार्थक चौधरी और अमित गैरोला शामिल रहे। बैठक में एडीएम युक्ता मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।