आम जनता को सुगमता से न्याय दिलाने और न्यायालयों में वादों को निस्तारण में तेजी लाने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग से विदेश से साक्ष्य लेने का जिले में पहला मामला सामने आया है। जिला जज डा. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने दीवानी वैवाहिक वाद के एक मामले में स्काटलैंड (यूनाईटेड किंगडम) निवासी महिला के वीडियो कांफ्रेंसिंग से बयान लिए।
नरेंद्र राय पुत्र केदारनाथ हाल निवासी चितई तिवारी (अल्मोड़ा) और पत्नी इमोजेन कैनेडी निवासी कोर्ट लैंड टीडी-07, 4-एबी, सैल्कर्क स्काटलैंड के मध्य विवाह हुआ था। उसके बाद विवाह विघटित करने के लिए 20 जुलाई 2006 को दीवानी (वैवाहिक) वाद पंजीकृत हुआ था। इस मामले को लेकर जिला जज डा. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने शुक्रवार को इमोजेन कैनेडी पत्नी नरेंद्र राय निवासी कोर्ट लैंड के बयान वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लिए। जिले में न्यायालय द्वारा विदेश से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए साक्ष्य लेने का यह पहला मामला है।