जैंती (अल्मोड़ा)। सालम के धामद्यो में आयोजित दो दिवसीय शहीद दिवस समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने चार दर्जन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और 150 महिला समूहों की अध्यक्षों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस मौके पर हुई झोड़ा और चांचरी प्रतियोगिता में सुनाड़ी, जैंती, कांडे की टीमें क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहीं।
समारोह में बाराही लोक कला समिति हल्द्वानी, बिंदुखता, जौनसार भावर के कलाकारों समेत अन्य लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के बहुरंगी रंग बिखेरे। कुंजवाल ने प्रतिभागी कलाकारों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि अगले साल से शहीद दिवस तीन दिवसीय मेले के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इन्हें संरक्षित और आगे बढ़ाने के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे। संचालन प्रताप राम ने किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुंजवाल, दीवान बोरा, किशोर कुंजवाल, विक्रम सिंह भंडारी, चंदन बोरा, रमेश मेलकानी, गिरीश जोशी, मोहन सिंह, बाबा प्रेम बल्लभ, चंदन बिष्ट, आनंद बिष्ट, माया बर्गली, रमा भट्ट, प्रकाश आर्य, हेमा कनवाल, रमेश बोरा, सुंदर जोशी आदि मौजूद थे।