अल्मोड़ा। महिला कल्याण संस्था की ओर से नंदा देवी मंदिर परिसर में दो दिवसीय सावन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के तहत 12 अगस्त को जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 13 अगस्त को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। संस्था ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल और उपाध्यक्ष चंद्रा अग्रवाल ने बताया कि सावन मेले के पहले दिन 12 अगस्त को जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सिद्ध नौला मंदिर से शुरू होकर नंदादेवी शिव मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी होगा। यात्रा में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। संस्था की सचिव पुष्पा सती ने बताया कि 13 अगस्त को सुबह 11 बजे से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें महिलाएं बढ़ चढ़कर भागीदारी करेंगी। मेले में सेली सजाओ प्रतियोगिता, दुल्हन बनो प्रतियोगिता, सावन के गीतों पर नृत्य प्रतियोगिता और व्यंजन प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक महिलाओं से सावन मेले और जलाभिषेक यात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के साथ पारंपरिक संस्कृति और सावन की लोक परंपराओं को बढ़ावा देना भी है।