भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। आपरेशन स्वास्थ्य के तहत सीएचसी भिकियासैंण में मानक के अनुसार स्पेशलिस्ट डॉक्टरों सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग के लिए चल रहे क्रमिक अनशन को 16 दिसंबर तक आंदोलन स्थगित कर दिया। बुधवार को विधायक प्रमोद नैनवाल से आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से वार्ता की। सीएमओ के लिखित सहमति पत्र के बाद यह सहमति बनी। विधायक ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि वे विधायक निधि से सीएचसी को दस बैड तथा वाटर कूलर देंगे।
विधायक ने बीते दिवस मुख्यमंत्री से सीएचसी की समस्याओं के संबंध में हुई वार्ता से अवगत कराया। आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया लेकिन आंदोलनकारियों की ओर से कहा गया जब तक बीते दिनों सीएमओ से हुई वार्ता का लिखित सहमति पत्र प्राप्त नहीं होता है तब आंदोलन जारी रहेेगा। विधायक ने आंदोलनकारियों की तत्काल सीएमओ से फोन कॉल पर वार्ता कर सहमति पत्र भेजने को कहा। सीएमओ की ओर से भेजे गए पत्र में रेडियोलोजिस्ट एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ को महीने में दो दिन भेजने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराने, गर्भवती महिलाओं को सीएचसी से उपजिला चिकित्सालय रानीखेत के लिए खुशियों की सवारी देने, स्थानीय स्तर पर लैब टेक्नीशियन तैनात करने का पत्र दिया।
विधायक ने कहा एनआरएचएम के तहत तीन दिसंबर को होने वाले स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के साक्षात्कार के बाद सीएचसी में उनकी तैनाती के लिए प्राथमिकता दी जागी। वार्ता में उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. डेनियल, तहसीलदार रवि शाह, मुख्य आंदोलनकारी कुसुमलता, कार्तिक उपाध्याय, सभासद संजय बंगारी, आनंद नाथ, श्याम सिंह, मिथिलेश बिष्ट, नीरज प्रधान आदि शामिल रहे। संवाद