लोगों ने देर रात तक नए साल का जश्न मनाया। होटलों और अन्य तमाम स्थानों पर रंगारंग कार्यक्रम चलते रहे। शुक्रवार को लोगों ने मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ नए साल की शुरुआत की। पालिका की ओर से रैमजे इंटर कालेज प्रांगण में आयोजित नववर्षोत्सव कार्यक्रम में कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। कलाकारों ने बेडू पाको बारो मासा नरैण काफल पाको चैता मेरी... कुमाऊंनी, गढ़वाली लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
नववर्षोत्सव कार्यक्रम में नन्हें कलाकारों ने जहां अपनी शानदार प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया वहीं वरिष्ठ कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, जौनसारी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी। कलाकारों ने छपेली, चांचरी, झोड़ा समेत नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इस मौके पर ऐपण प्रतियोगिता भी हुई। प्रतिभागियों ने विभिन्न अल्पनाएं बनाई। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सीडीओ प्रकाश चंद्र, अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष आनंद बगडवाल, सभासद अशोक पांडे, राजेंद्र तिवारी, विजया बिष्ट, कंचन भट्ट, सरिता टम्टा, घनानंद जोशी, जीवन नाथ वर्मा आदि मौजूद थे। देर रात तक कार्यक्रम चलते रहे।