बंदरों द्वारा घायल महिला देवकी देवी।
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में कटखने बंदरों के आतंक की घटनाएं जारी हैं। एक दिन पूर्व ग्राम पंचायत छतगुल्ला निवासी देवकी देवी को घर पर आए बंदरों को भगाना भारी पड़ गया। बंदर उन पर झपट पड़े और उसके पैर में काट लिया। एक पखवाड़े के भीतर बंदर आधा दर्जन से अधिक महिलाओं को काट चुके हैं।
छतगुल्ला निवासी देवकी देवी के आंगन में बंदरों का झुंड पहुंच गया, वे उत्पात मचा रहे थे। बताया गया है कि देवकी देवी उन्हें भगा रही थी, इसी बीच झुंड ने उन हमला बोल दिया। हालांकि हो हल्ला करने के बाद बंदरों के झुंड को ग्रामीणों ने भगाया। अलबत्ता बंदर उनके पैर में काट गए।
ग्रामीणों ने असगोली स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ.रवि शंकर को घर पर बुलाकर उनको रेबीज का इंजेक्शन लगवाया। इस बीच एक पखवाड़े भीतर कटखने बंदरों द्वारा छतगुल्ला की ही मोहिनी देवी, बसेरा की प्रेमा देवी, राधा देवी, लक्ष्मी देवी, नंदन सिंह कैलाश चंद्र, बाड़ी की हीरा देवी आदि को काटने की भी सूचनाएं हैं। ईड़ा की जिला पंचायत सदस्य अंजू देवी सहित क्षेत्रवासियों ने कटखने बंदरों से निजात दिलाने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पीड़ितों को रेबीज के इंजेक्शन दिए जाने की मांग की है।