बागेश्वर। शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर कपकोट क्षेत्र के सनगाड़ स्थित प्रसिद्ध नौलिंग देवता मंदिर में भव्य मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढि़या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर नौलिंग देवता के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवता से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि विधायक गढि़या ने कहा कि देवभूमि में आयोजित होने वाले ऐसे पारंपरिक मेले केवल धार्मिक आयोजन मात्र नहीं होते, बल्कि इनमें हमारी लोक आस्था, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिलती है। पीढ़ियों से चली आ रही ये सांस्कृतिक विरासतें नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली पहचान से जोड़ने का कार्य करती हैं। महानवमी के पावन पर्व पर सुबह से ही सनगाड़ स्थित नौलिंग देवता मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कतारों में लगकर लोगों ने देवता के दर्शन किए और मन्नतें मांगीं। मेले के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और देव डोलियों के पहुंचने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष गोकुल सिंह, ग्राम प्रधान हिमानी और दीपा, कमेटी के संरक्षक हयात सिंह, दीवान सिंह महर, कोषाध्यक्ष धन सिंह, मंडल अध्यक्ष मनोज भौर्याल, किसान आयोग उत्तराखंड के सदस्य कुंदन रैखोला, पूर्व जिपं सदस्य पूरन गढ़िया, विधायक प्रतिनिधि योगेश हरड़िया, कैप्टन धन सिंह बाफिला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राठौर, पूर्व ग्राम प्रधान केदार महर, बहादुर खाती आदि मौजूद रहे।