अल्मोड़ा। भिकियासैंण तहसील के बसोट निवासी दंपती ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के लिए मिसाल पेश की है। 75 वर्षीय त्रिलोचन करगेती और उनकी 70 वर्षीय पत्नी मोहनी करगेती ने सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान अल्मोड़ा के एनाटॉमी विभाग में घोषणा पत्र भरा। दोनों ने मरणोपरांत देहदान के लिए विभाग को सहमति पत्र सौंपा है।
मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निधि मंगला की ओर से दंपती के परिजनों को पत्र भेजकर इस पुनीत पहल के लिए आभार जताया गया है। पत्र में कहा गया है कि मृत्यु के बाद नियमानुसार मृतक देह कॉलेज को सौंपने की प्रक्रिया परिजनों को पूरी करनी होगी। इसके लिए एनाटॉमी विभाग को सूचना देनी होगी।
देहदान का संकल्प लेने वाले करगेती दंपती ने बताया कि मेडिकल कॉलेज ने उनके प्रस्ताव को प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब स्वीकृत कर लिया है। त्रिलोचन करगेती ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं 4 लड़किया और एक लड़का सभी बाहर नौकरी करते हैं। लड़कियों की शादी हो चुकी है।