परिसर में हुई घटना के बारे में जानकारी लेते जांच समिति सदस्य।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। छात्र संघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती की रिहाई के बाद बुधवार को एसएसजे परिसर में शांति रही। प्रभारी परिसर निदेशक द्वारा छात्र संघ अध्यक्ष का निलंबन खत्म करने की घोषणा करने के बाद छात्र जुलूस की शक्ल में परिसर प्रांगण में पहुंचे जहां छात्र संघ अध्यक्ष ने छात्रों को संबोधित करके आंदोलन में सहयोग करने पर सभी का आभार जताया। इधर बुधवार को कुलपति द्वारा गठित जांच समिति ने परिसर में पहुंचकर सभी पक्षों की बात सुनी। समिति के संयोजक और विवि कार्य परिषद के सदस्य केवल सती ने कहा है कि समिति जल्द ही रिपोर्ट प्रस्तुत कर देगी।
बता दें कि एसएसजे परिसर में धरना प्रदर्शन के दौरान खुद के साथ ही परिसर निदेशक पर पेट्रोल डालने के आरोप में पुलिस ने बीते शनिवार को छात्र संघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसके विरोध में अल्मोड़ा समेत कुमाऊं के अधिकांश जिलों में छात्रों ने प्रदर्शन किए। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद विवि प्रशासन ने परिसर निदेशक प्रो.आरएस पथनी को पद से हटाकर प्रो.जेएस बिष्ट को प्रभारी निदेशक का चार्ज सौंप दिया।
मंगलवार को छात्र संघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती को जमानत भी मिल गई। इधर बुधवार को प्रभारी परिसर निदेशक प्रो.जेएस बिष्ट ने छात्र संघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती और अन्य छात्र संघ पदाधिकारियों को उनके इस्तीफे नामंजूर करने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि छात्र संघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती का निलंबन वापस ले लिया गया है। इसके बाद छात्रों ने विजयी अंदाज में नारेबाजी करते हुए परिसर प्रांगण में पहुंचे और वहां छात्र संघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने आंदोलन में सहयोग करने के लिए सभी छात्रों और छात्र संगठनों का आभार जताया।
इस मौके पर छात्र संघ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह बोहरा, छात्रा उपाध्यक्ष मेघा डसीला, महासचिव नवीन कनवाल, उपसचिव दीपक तिवारी, कोषाध्यक्ष राहुल अधिकारी, पूर्व महासचिव अक्षय कुमार टम्टा सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद थे। इधर बुधवार को कुलपति द्वारा कार्य परिषद सदस्य एडवोकेट केवल सती की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने एसएसजे परिसर में पहुंचकर छात्र संघ के पदाधिकारियों और इस मामले से जुड़े शिक्षकों के लिखित बयान लिए। जांच समिति में प्रो.बीएस बिष्ट, प्रो.एसपीएस मेहता, प्रो.डीके भट्ट और अशोक कनवाल शामिल थे।
छात्रों को संबोधित करते छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती।- फोटो : ALMORA