अल्मोड़ा। जनवादी महिला समिति ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कोरोना महामारी के दौर में आर्थिक, मानसिक, सामाजिक दबाव से जूझती जनता को राहत देने की मांग उठाई है। ज्ञापन में आयकर की श्रेणी में नहीं आने वाले सभी परिवारों के खाते में हर महीने 7500 रुपये डालने, अगले छह महीने तक सभी जरूरतमंदों को 10 किलो राशन मुफ्त मुहैया करवाने, राशन की दुकानों से ज़रूरी सामान की उचित दर पर बिक्री करने, मनरेगा के तहत काम की मांग करने वालों को 200 दिन काम की गारंटी देने की मांग की है।
इसके अलावा नगर पंचायतों में भी रोजगार गारंटी योजना चलाने, शहर के गरीबों के लिए शहरी रोजगार गारंटी लागू करने, महिलाओं को मास्क और सैनिटाइजर बनाने के काम से जोड़ने पर जोर दिया है। साथ ही कोरोना के अतिरिक्त अन्य रोगियों का इलाज भी अस्पतालों में सुनिश्चित करने, एनआरसी सीएए के आंदोलनकारियों को अविलंब रिहा करने, घरेलू कामगार महिलाओं को लाकडाउन के समय का भी वेतन दिलाने के मुददे उठाए हैं। ज्ञापन भेजने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता पांडे, जिलाध्यक्ष मुन्नी प्रसाद, ज़िला उपाध्यक्ष अज़रा परवीन, चंदा राणा, जिला सचिव राधा नेगी, कोषाध्यक्ष नलिनी पंत शामिल हैं।