क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन की स्वीकृति के बावजूद अनापत्ति प्रमाण पत्र देने में आबकारी विभाग और डीएम के अड़ंगे से आक्रोशित भूतपूर्व सैनिकों ने प्रदर्शन के साथ तहसील मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में चौखुटिया के अलावा गैरसैंण ब्लॉक से भी भारी संख्या में पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं शामिल हुईं। पूर्व सैनिकों ने पंद्रह दिन में कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन की स्वीकृति मिलने के बावजूद आबकारी विभाग और जिलाधिकारी द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र देने में अडंगा डालने से आक्रोशित भूतपूर्व सैनिकों के सब्र का बांध टूट गया है। पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं बृहस्पतिवार को सड़कों पर उतर आईं। गुस्साए पूर्व सैनिकों ने पहले मौन जुलूस निकाला और बाद में तहसील मुख्यालय पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस मौके पर हुई सभा में पूर्व सैनिक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह नेगी और गैरसैंण ब्लॉक के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह साह ने कहा कि अथक प्रयासों से चौखुटिया में कैंटीन की स्वीकृति मिल गई है, परंतु आबकारी विभाग और डीएम के असहयोगात्मक रवैए के चलते अनापत्ति प्रमाण पत्र न मिलने से मामला लटक गया है। पूर्व सैनिकों ने बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
प्रदर्शन में अध्यक्ष शेरसिंह नेगी, आर साह, माधोसिंह, गजेंद्र सिंह, किसन सिंह, भवान सिंह, नंदन सिंह, राजेंद्र सिंह, जीएस पवार, महादेव बिष्ट, दुर्गासिंह, नंदन सिंह, अर्जुन सिंह, हीरासिंह, बलवंत सिंह, मोहन सिंह, कुंवर सिहं, गोविंद सिंह, त्रिलोक सिंह, चंदन सिंह, रेबुली देवी, आनंदी, मनोहर दत्त, जानकी देवी, चंद्रप्रकाश, केएस भट्ट, रामसिंह, प्रताप सिंह, केदार सिंह, गोपाल सिंह, लालसिंह, पूरन चंद्र, जमनलाल, सुरेंद्र नेगी, चैंतसिंह, जीवन सिंह, सहित भारी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल हुए।