ग्रामीणों की मांग पर राउमावि उडियार का उच्चीकरण कर इंटर कालेज का दर्जा दे दिया। 66 छात्र-छात्राओं ने यहां प्रवेश भी ले लिया है। अब सवाल यह उठता है कि पढ़ाए कौन। शिक्षा विभाग ने एक भी शिक्षक की तैनाती नहीं की। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की शीघ्र तैनाती करने की मांग की है।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में ग्राम प्रधान कुंवर राम ने कहा आंदोलन के बल पर इसी सत्र से राउमावि उडियार का इंटर में उच्चीकरण हुआ है। विद्यालय में क्षेत्र के 15 ग्राम पंचायतों के बच्चे पढ़ने को आते हैं। इंटर बनने पर यहां अब तक 66 बच्चों ने दाखिला ले लिया है, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिय शिक्षक नहीं भेजे हैं। अभी तक बच्चों की पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने डीएम से शिक्षकों की तैनाती के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्राम प्रधान ने मांग शीघ्र पूरी न होने पर ग्रामीणों के सहयोग से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।