द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। स्याल्दे- बिखौती मेले में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के अंतिम दिन बीते बुधवार की देर रात शीतलापुष्कर मैदान में रंगारंग प्रस्तुतियों की धूम रही। विद्यालयी बच्चों और लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, विवेकानंद विद्या मंदिर और यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, पंजाबी और जौनसारी लोकगीतों व लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। आंचलिक संस्कृति से ओतप्रोत इन कार्यक्रमों ने देर रात तक समां बांधे रखा। सांस्कृतिक संध्या में त्रिलोकी लोक कला समिति और जय मां लोक कला समिति ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
स्टार नाइट में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक प्रकाश कहाला ने जै जै जै हो मां दूनागिरी की, भगवती राज राजेश्वरी की... और लाल बोतल शराबा तू छै बड़ी खराबा... जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साह से भर दिया।
वहीं प्रसिद्ध लोकगायक राकेश खनवाल ने अपने चर्चित गीत क्रीम पाउडरा घिसनी किलै नै, मेरी निर्मला समझनी किलै नै...से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यालयी बच्चों और कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।