अल्मोड़ा। अल्मोड़ा डिपो की मासी सेवा एक बार फिर यात्रियों को धोखा दे गई। लोअर माल रोड स्थित वर्कशॉप से रवाना हुई बस में करबला के पास खराब हो गई। चालक बस ठीक कर स्टेशन पहुंचा तो फिर बस का गैस किट फट गया। इससे बस में सवार 15 यात्रियों को स्टेशन में उतारना पड़ा। बस मरम्मत के लिए वर्कशॉप भेज दी गई।
शुक्रवार को अल्मोड़ा-मासी बस संख्या यूके-07-पीए- 2477 लोअर माल रोड स्थित वर्कशॉप से माल रोड स्थित रोडवेज स्टेशन को आ रही थीं। करबला पर चढ़ाई में चढ़ने पर बस में तकनीकी खामी आ गई। चालक ने किसी तरह बस को ठीक किया और स्टेशन पहुंचा। स्टेशन में बस का गैस किट फट गया है। इस कारण बस में सवार करीब 15 यात्रियों को स्टेशन पर ही उतार दिया गया। चालक स्टेशन से बस को वर्कशॉप ले गया। वर्कशॉप में खराब बस की मरम्मत की जा रही है। बता दें कि अल्मोड़ा-मासी बस इससे पहले 30 अगस्त को करबला में खराब हो गई थीं। बीते दिनों बागेश्वर डिपो की बरेली से बागेश्वर जा रही बस अल्मोड़ा के चौघानपाटा में बीच सड़क में खराब हो गई थी। इससे पहले 28 जुलाई को हरिद्वार से अल्मोड़ा रही बस भी चौघानपाटा में बीच सड़क पर खराब हो गई थी। संवाद
अल्मोड़ा डिपो से नहीं चलीं चार बसें
अल्मोड़ा। टनकपुर, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, देहरादून सेवाओं का संचालन ठप रहा। बसें न चलने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों ने बताया कि आए दिन बसें स्थगित हो रही हैं।
कोट
अल्मोड़ा-मासी बस में तकनीकी दिक्कत आ गई थीं। कार्यशाला में बस की मरम्मत की जा रही है। शनिवार से बस सेवा का संचालन होगा।
-विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक, अल्मोड़ा डिपो