बीते दिनों राजीव गांधी नवोदय विद्यालय चौनलिया में दूषित पानी पीने से दर्जनों बच्चों के बीमार पड़ने के बाद अभिभावकों के सामने इस विद्यालय की तमाम खामियां उजागर हुई हैं। जिससे अभिभावकों में आक्रोश है। विद्यालय में शुद्ध पानी उपलब्ध कराने, बच्चों की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी का निर्माण करने, खेल मैदान बनाने सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर अभिभावकों ने 22 अगस्त को भिकियासैंण-रामनगर रोड में चक्काजाम करने का फैसला किया है। बृहस्पतिवार को जिले के तमाम इलाकों से पहुंचे अभिभावकों ने विद्यालय में बैठक करके आंदोलन की रणनीति तय की।
रक्षाबंधन के मौके पर जिले के अनेक इलाकों से पहुंचे करीब डेढ़ सौ से अधिक अभिभावकों ने विद्यालय की हालत पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के गांव के निकट स्थित नवोदय विद्यालय की स्थिति इतनी दयनीय होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले 286 बच्चे बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। पिछले साल भी दूषित पानी पीने से बच्चे बीमार हुए, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय के लिए आज तक पानी की लाइन का निर्माण नहीं हो सका है। कामचलाऊ व्यवस्था के तहत गधेरे का पानी दिया जा रहा है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विद्यालय में एक एक्वागार्ड तक उपलब्ध नहीं है।
अभिभावकों ने कहा कि एकांत इलाके में स्थित इस विद्यालय में चहारदीवारी भी नहीं है। जिससे बच्चों की सुरक्षा को गंभीर खतरा है। यहां रात में जंगली जानवरों के घुसने की आशंका भी बनी रहती है। वहां जेनरेटर तक की व्यवस्था नहीं है और रात में बिजली जाने पर हॉस्टल में छात्र-छात्राएं अंधेरे में रहते हैं। अभिभावक बार-बार इन समस्याओं को उठाते आए हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इस बात पर रोष जताया कि इतनी अव्यवस्थाओं के बावजूद मुख्यमंत्री हरीश रावत के अलावा नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट और केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा आदि कोई जनप्रतिनिधि इस विद्यालय में नहीं पहुंचे। अभिभावकों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 22 अगस्त को प्रात: आठ बजे से विद्यालय के निकट से निकलने वाली भिकियासैंण-रामनगर रोड में चक्काजाम करने का फैसला किया है। अगर इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुई तो आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता अभिभावक संघ के अध्यक्ष दर्शन सिंह कड़ाकोटी ने और संचालन सचिव मदन सिंह महरा ने किया। बैठक में अभिभावक संघ उपाध्यक्ष दिगंबर सिंह, कोषाध्यक्ष गंगा आगरी, दयाल लाल वर्मा, रमेश राम आर्या, ईश्वर जोशी आदि मौजूद थे।