दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा,
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि तीन सालों के कार्यकाल में मोदी सरकार ने हर वर्ग का विकास किया है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर सरकार ने सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वन रैंक वन पेंशन, जीएसटी लागू करना केंद्र सरकार के एतिहासिक फैसले रहे। नोटबंदी के माध्यम से काला धन रखने वालों की कमर तोड़कर रख दी है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव गांव प्रचारित करने का आह्वान किया। टम्टा सोमवार को यहां केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित सबका साथ-सबका विकास कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। एनएचपीसी की तरफ से यहां एनसीसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में टम्टा ने कहा कि सरकार ने तीन साल में विकास का मॉडल पेश किया है।
आतंकवाद के खिलाफ इस सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा कदम उठाया। न्यू इंडिया की नींव रखी। कहा कि जीएसटी, मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से देश कैशलेस बनने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि जन धन योजना के तहत 28 करोड़ खाते खोले गए हैं। 13 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा बीमा के दायरे में लाया गया है। साढ़े सात करोड़ लोगों को मुद्रा लोन उपलब्ध कराया है। एससी एसटी उद्यमियों पर विशेष जोर दिया है, उज्ज्वला योजना के तहत दो करोड़ गैस संयोजन बांटे हैं। जन औषधि केन्द्र खोलकर गरीबों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चौखुटिया से गरुड़ तक टनल बनाने की योजना है।
कार्यक्रम को छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी, जिला महामंत्री दर्शन बिष्ट, कैलाश पंत, मदन माहरा, दीप भगत आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल शाही ने की। संचालन विभु कृष्णा ने किया। इस दौरान एनएचपीसी के महा प्रबंधनक दिनेश त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, ब्लाक प्रमुख ममता भट्ट, कैलाश भट्ट, राजेंद्र जसवाल, विमल भट्ट, डीएम सविन बंसल, एसएसपी पी रेणुका देवी, सीडीओ जेएस नगन्याल, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम रजा अब्बास, गौरव चटवाल सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।