विकास भवन में स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेते राष्ट्रीय हेल्थ मिशन के प्रबंध निदेशक युगल किशोर पंत?
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय हेल्थ मिशन के प्रबंध निदेशक युगल किशोर पंत ने मिशन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिले इस बात का विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने बताया कि जिले के पांच विकासखंडों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में महिला प्रसव से संबंधित शिकायतें मिल रही हैं, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं के प्रसव के समय आ रही कठिनाइयों का समाधान शीेघ्र हो सके इसके लिऐ विशेष प्रयास किए जाएंगे और वहां पर तैनात चिकित्सकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का काम समय पर हो इसके लिए शासन स्तर से समीक्षा की जा रही है।
विभाग के भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने बताया कि 10 सदस्यीय एक दल जिले के पांच विकासखंडों के भ्रमण पर आया है। दल ने सल्ट, ताकुला, ताड़ीखेत, धौलादेवी एवं लमगड़ा क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के अलावा जिला और महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया है और वहां की व्यवस्थाओं और समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का कार्य समय पर पूरा करने के बाद यहां आगामी सत्र से कक्षाएं संचालित कर दी जाएंगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने रानीखेत में ट्रामा सेंटर के संचालित नहीं होने और मेडिकल कॉलेज के कार्यों में आ रही कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनीता शाह ने राष्ट्रीय हेल्थ मिशन कार्यक्रमों को बारे में बताया। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता ह्यांकी, डॉ. एके सिंह, जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक प्रकाश वर्मा, बेस के डॉ. एचसी गड़कोटी, रानीखेत डॉ. डीएस नेई, महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. प्रीति पंत, दीपक भट्ट, हिमाशु मस्यूनी के अलावा सभी विकासखंडों के प्रभारी मौजूद रहे।