बडन मैमोरियल चर्च में रविवार को ईस्टर धूमधाम से मनाया गया। तड़के चार बजे एडम्स गर्ल्स इंटर कालेज से चर्च तक कैंडल मार्च निकाला गया। इसके बाद चर्च में प्रार्थना सभा हुई। चर्च के पादरी रोबिसन दास ने प्रार्थना सभा कराई। इस मौके पर बाइबिल का पाठ भी किया गया।
चर्च में प्यारो मसीहा जिया चलो दर्शन को सखी.., फिर जी उठा है मसी.. आदि गीत गाए गए। पादरी रोबिसन दास ने मुल्क की तरक्की तथा अमन चैन की कामना की। उन्होंने सभी को ईस्टर पर्व पर प्रभु यीशु मसीह के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
ईस्टर प्रभु यीशु के त्याग और बलिदान की याद में मनाया जाता है। मान्यता है कि सलीब पर लटकाए जाने के बाद यीशु दोबारा जीवित हो गए थे। अपने भक्तों के साथ कुछ दिन रहने के बाद उन्हें सही मार्ग दिखाकर वह स्वर्ग को चले गए। इस मौके पर सहयोगी पादरी चंद्रपाल, प्रोमिला लैड्रिक, जेम्स पी सिंह, संजय डेनियल, साज सिंह, पी पीटर, वीके पाल, संजय सिंह बिष्ट, विवेक सिंह, निखिल बनर्जी आदि मौजूद थे।
ईस्टर पर रानीखेत के चर्चों में हुई प्रार्थना सभाएं
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ईस्टर इसाई समुदाय के लोगों ने धूमधाम के साथ मनाया। छावनी स्थित मैथोडिस्ट, कैथोलिक चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं हुई। द्योलीखेत स्थित मैथोडिस्ट चर्च में पास्टर रेवरन विनय वी गवन ने आराधना वाचन किया। उन्होंने क्रूस पर बलिदान के बाद प्रभू यीशू मसीह के पुनर्जन्म की घटना पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान विभिन्न चर्चों में कार्यक्रम भी हुए। कार्यक्रम में वीके सिंह, केके शेरिंग, एचजेवी सिंह, सतीश मसीह, माया सिंह, रमेश यूसुफ, ललित कैलब सहित तमाम लोग मौजूद रहे। ब्यूरो