रानीखेत (अल्मोड़ा)। ऐना हत्याकांड के बाद अब उप जिला चिकित्सालय रानीखेत की व्यवस्थाओं को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है। पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन सागर का शव एंबुलेंस से ले जा रहे थे तो एंबुलेंस के ताले नहीं लग पाने का मामला सामने आया।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य भैसौली के प्रतिनिधि किशन जलाल का बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में किशन जलाल ने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अस्पतालों में बड़े-बड़े कार्यक्रम और फीता काटने की गतिविधियां तो हो रही हैं लेकिन जरूरत के समय एक सही एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि शव ले जाने जैसी गंभीर स्थिति में भी परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने और एंबुलेंस व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं की मजबूती बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों और परिजनों को परेशानी न झेलनी पड़े।