इंटर कालेजों में शिक्षकों के खाली पदों में नियुक्ति समेत 20 सूत्रीय मांगों को लेकर चौघानपाटा स्थित कैप्टन सतीश चंद्र जोशी पार्क में आमरण अनशन पर बैठे बसपा विधानसभा क्षेत्र इकाई महासचिव धनी राम के स्वास्थ्य में गिरावट आने के कारण प्रशासन ने रविवार देर रात अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनके स्थान पर जागेश्वर विधानसभा महासचिव महेंद्र लाल आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
आंदोलन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पार्टी द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को तीन सप्ताह होने को हैं लेकिन शासन-प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा। बसपा जिलाध्यक्ष कृपाल राम ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत इन समस्याओं से पूरी तरह वाकिफ हैं इसके बावजूद उन्होंने कोई निर्देश जारी नहीं किए। इससे अल्मोड़ा जिले के प्रति उनकी उपेक्षा उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों की कमी होने के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों को बीमार होने पर उपचार के लिए कई किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे उनका समय और धन दोनों बर्बाद होता है। धर्मशाला नहीं होने से मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्वीकृत पेयजल पंपिंग योजनाओं का निर्माण करने, विभिन्न विभागों में खाली चल रहेे पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की। धरने पर अशोक कुमार, रमेश राम, सुनील शैली, इंदर, धनी राम, भोलेशंकर, दिनेश कोहली, भूपेंद्र कुमार, नरेश चंद्र, यशपाल आर्या, बसपा नेता शेखर लखचौरा, तारा आर्या, योगेश कुमार, मोहन राम, प्रकाश चंद्र सहित अनेक लोग मौजूद थे।