अल्मोड़ा। भैंसियाछाना के हरड़ा में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत के पीछे सड़क की खामियां बड़ी वजह बनकर सामने आई हैं। सड़क की कम चौड़ाई, किनारे पैरापिट और क्रैश बैरियर का अभाव और रात का अंधेरा हादसे का कारण बने। प्रारंभिक जांच में एआरटीओ ने भी इन कमियों की पुष्टि की है।
बुधवार देर रात भाई दूज का त्योहार मनाकर पिथौरागढ़ के पाली गांव से लौट रही मैक्स अनियंत्रित होकर लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी थी। एआरटीओ रश्मि भट्ट ने बताया कि मौके पर पहुंचकर की गई प्राथमिक जांच में सड़क की चौड़ाई कम पाई गई। सड़क किनारे न तो पैरापिट थे और न ही क्रैश बैरियर लगाए गए थे। रात में अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाया जिससे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को जल्द ही दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हादसे के बाद पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घर से महज एक किलोमीटर पहले खाई में समा गई जिंदगी
अल्मोड़ा। भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रही बसंती गैड़ा और उनकी बेटी अंजली को क्या पता था कि घर से महज एक किलोमीटर पहले ही उनकी जिंदगी का सफर थम जाएगा। जिस घर में मां-बेटी के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां बृहस्पतिवार सुबह उनकी मौत की खबर पहुंची तो कोहराम मच गया। बसंती के पति हिम्मत सिंह बीमार रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा चंदन सिंह उदयपुर के एक होटल में नौकरी करता है जबकि 17 वर्षीय छोटा बेटा मोहन सिंह घर पर ही रहता है। अंजली राजकीय इंटर कॉलेज नैनी चौगर्खा में कक्षा नौ की छात्रा थी। मां और बहन को एक साथ खोने वाले मोहन सिंह और बीमार पिता हिम्मत सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, हादसे में वाहन चालक हयात सिंह उर्फ सूरज गैड़ा की मौत से उनके परिवार में भी मातम पसरा हुआ है। भाई दूज की खुशियां मनाने निकली मां-बेटी और उन्हें घर पहुंचाने जा रहे चालक की एक साथ मौत ने पूरे हरड़ा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
रातभर किसी को नहीं लगी भनक
हरड़ा में बुधवार देर रात हुआ सड़क हादसा इतना भयावह था कि मैक्स के गहरी खाई में गिरने के बाद रातभर किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटनास्थल एकांत में होने के कारण तीनों के शव रातभर खाई में ही पड़े रहे। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों को दुर्घटना की जानकारी मिली तो गांव में अफरातफरी मच गई। ग्राम प्रधान जितेंद्र रावत ने तत्काल धौलछीना पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने खाई में उतरकर काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एक ही क्षेत्र के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
106 दुर्घटना संभावित स्थल चिह्नित
अल्मोड़ा जिले की सड़कों पर कई स्थानों पर सड़क किनारे पैरापिट नहीं हैं। कई जगह खतरनाक मोड़ और जर्जर सुरक्षा दीवारें दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। हालात ऐसे हैं कि चालक की जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। सड़क सुरक्षा समिति ने जिले में दुर्घटना संभावित 586 स्थल (ब्लैक स्पॉट) चिह्नित किए थे जिसमें से 106 स्थल अब भी डेंजर जोन बने हैं। इन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।
एक साल में 17 लोगों की गई जान, सोमेश्वर में सबसे अधिक छह दुर्घटनाएं
जिले में पिछले साल की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में मामूली कमी आई है लेकिन हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या में 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में 23 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं जिनमें 10 लोगों की मौत हुई थी। वहीं वर्ष 2026 में नवंबर तक 22 दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं जिनमें 17 लोगों की जान जा चुकी है। इस साल सोमेश्वर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक छह दुर्घटनाएं हुईं और छह लोगों की मौत हुई। लमगड़ा में भी दो हादसों में पांच लोगों की जान गई। आंकड़े बताते हैं कि दुर्घटनाओं की संख्या भले ही कम हुई हो लेकिन उनमें जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ी है।
अल्मोड़ा में सड़क हादसों की स्थिति
वर्ष 2025 वर्ष 2026 (नवंबर तक)
कुल दुर्घटनाएं 23 22
मृतक 10 17
घायल 24 24
जानलेवा दुर्घटनाएं 8 12
गैर जानलेवा दुर्घटनाएं 15 10
मौके पर पहुंचकर की गई प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क की चौड़ाई कम थी। साथ ही सड़क किनारे न तो पैरापिट थे और न ही क्रैश बैरियर लगाए गए थे। रात में अंधेरा होने के कारण वाहन चालक को सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाया जिससे हादसा हुआ। मृतकों के परिजनों को जल्द ही दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। -रश्मि भट्ट, एआरटीओ, अल्मोड़ा