अल्मोड़ा। जन संघर्षों और जनपक्षीय पत्रकारिता के प्रतीक रहे उमेश डोभाल की स्मृति में दो दिनी 33वां स्मृति सम्मान कार्यक्रम 24 मार्च से धारानौला स्थित जिला पंचायत सभागार में होगा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
आयोजन समिति की रविवार को प्रेस क्लब में हुई बैठक में कार्यक्रम की अंतिम रुपरेखा तैयार की गई। बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 24 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे गांधी पार्क से सांस्कृतिक जुलूस के साथ होगी। इसके बाद आयोजन स्थल पर ‘उत्तराखंड संवाद’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य और देश के समसामयिक जमीनी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संवाद में जनपक्षीय पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने पर विशेष चर्चा होगी।
25 मार्च को सुबह 10 बजे स्मृति सम्मान समारोह में जनपक्षीय पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व को सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि जनपक्षीय पत्रकार उमेश डोभाल की 25 मार्च 1988 को पौड़ी में निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसके विरोध में व्यापक जनआंदोलन हुआ था। आयोजन समिति ने सभी पत्रकारों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। वहां गिरीश पंत, पीसी तिवारी, राजेंद्र सिंह रावत, चंद्रशेखर द्विवेदी, कमलेश कनवाल, रमेश जोशी, किशन जोशी, शिवेंद्र गोस्वामी, हरीश भंडारी, अमित उप्रेती, हिमांशु लटवाल, कपिल मल्होत्रा, जग जीवन सिंह, दिनेश भट्ट, दयानंद कठैत, शुभम जोशी आदि मौजूद रहे।