सुरईखेत गांव द्वाराहाट का मंदिर।
- फोटो : अमर उजाला
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। चोरों ने मंगलवार रात सुरईखेत गांव स्थित विजया देवी और सैम मंदिर में धावा बोलकर पांच कुंतल वजनी की भारी भरकम घंटियां चुरा लीं। इनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपए आंकी जा रही है। प्रधान की सूचना के बाद क्षेत्रीय पटवारी ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है, घटना से लोगों में आक्रोश है।
दोनों मंदिर सुरईखेत गनोली ग्राम सभा से एक किमी की चढ़ाई पर स्थित हैं। सुबह ग्रामीण दिनेश चंद्र कांडपाल मंदिर गए तो देखा कि वहां मौजूद स्टोर रूम का ताला टूटा था, जबकि खिड़की की ग्रिल कटी थी। अंदर रखी सभी घंटियां और बाहर पाइपों में टंगी घंटियां गायब थीं। उन्होंने इसकी सूचना प्रधान चंद्रशेखर फुलारा और अन्य ग्रामीणों को दी।
सूचना से गांव में खलबली मच गई। चोर मुख्य गेट पर टंगी छोटी घंटी को वहीं छोड़ गए जबकि पांच कुंतल वजन की बड़ी घंटियां चुरा ले गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय पटवारी जोगाराम ने घटना स्थल का मुआयना किया और मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इधर क्षेत्रवासियों ने तत्काल मामले का खुलासा करने की मांग की है, कहा कि यदि शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। चोरों ने पिछले साल 24 जनवरी को कुई मैनोली में छह घरों के ताले तोड़े थे। 25 जून को बेढुली में एक दुकान, मकान के ताले तोड़कर हजारों का माल चुरा ले गए। इसी साल 26 जनवरी को चोरों ने जूनियर हाईस्कूल विमांडेश्वर के मिड डे मील कक्ष का ताला तोड़ा। 28 जनवरी को सुनाड़ी तोक में एक मकान के ताले तोड़कर चोर नकदी, जेवरात चुरा ले गए थे, जबकि कई मंदिरों की घंटियां चोरी हो गई थी, इन मामलों का खुलासा नहीं हुआ।