अल्मोड़ा। टेलीमेडिसिन सर्विस के तहत जिला अस्पताल से घर बैठे मरीजों के लिए ओपीडी संचालित की जा रही है। ओपीडी में मरीजों को ऑनलाइन स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जा रहा है। अस्पताल के सभी डॉक्टर ऑनलाइन स्वास्थ्य परामर्श दे रहे हैं। तीन माह में 97 मरीजों को अस्पताल के डॉक्टर ऑनलाइन परामर्श दे चुके हैं।
कोरोनाकाल में अस्पतालों में मरीज कम ही पहुंच रहे हैं। दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को अस्पताल पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी, जुकाम, बुखार समेत अन्य कोरोना जैसी बीमारियों के चलते भी लोगों में भय बना है। अस्पताल पहुंचने में असमर्थ मरीजों के लिए टेलीमेडिसिन सेवा कारगर साबित हो रही है। दूरदराज क्षेत्रों के मरीज सेवा के माध्यम से ऑनलाइन स्वास्थ्य परीक्षण करवा सकते हैं। अल्मोड़ा जिला अस्पताल के जरिये लोगों को टेलीमेडिसिन की सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सेवा के तहत मरीज ओपीडी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवा रहे हैं। पंजीकरण करवाने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को ऑनलाइन ओपीडी ले रहे हैं। सेवा के डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रेम सिंह पवार ने बताया कि कोरोना काल कुल 97 मरीजों ने ऑनलाइन ओपीडी का लाभ उठाया है। प्रतिदिन आवेदन पहुंच रहे हैं।
वीडियो एप के माध्यम से इस तरह चल रही टेलीमेडिसिन सेवा
अल्मोड़ा। वीडियो एप के माध्यम से मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी काफी आसान बनाई गई है। ओपीडी के लिए मरीजों को सेवा की वेबसाइट में पंजीकरण करवाना होगा। वेबसाइट में मरीजों की पूरी जानकारी लेने के साथ किस डॉक्टर को दिखाना है, समेत तमाम औपचारिकताएं करनी होती हैं। रजिस्ट्रेशन होते ही संबंधित डॉक्टर के पास मेल पहुंचती है। मेल में डॉक्टर खुद भी मरीजों को समय देते हैं। मरीजों को ओपीडी का समय मेल से बता दिया जाता है। मरीज अपने मोबाइल या कंप्यूटर में उसी वेबसाइट से वीडियो एप डाउनलोड करने के बाद दिए गए समय पर डॉक्टर से ऑनलाइन ओपीडी में स्वास्थ्य परामर्श ले सकते हैं।
अस्पताल के सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ा गया है। इस सेवा के तहत मरीजों को ऑनलाइन ओपीडी का लाभ दिया जा रहा है। फिजीशियन, सर्जन सहित सभी विशेषज्ञ डॉक्टर भी ऑनलाइन मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं।
-डॉ. आरसी पंत, पीएमएस, जिला अस्पताल अल्मोड़ा।