बागेश्वर। अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। न्यायालय के आदेशानुसार अतिक्रमण को चिह्नित करने और हटाने का अभियान चल रहा है। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने नायल धपोला में बने दो अतिक्रमण ढहाए। तोड़े गए अतिक्रमण में एक स्थायी और एक अस्थायी था।
तहसीलदार रितु गोस्वामी ने बताया कि चौंरा-भैरूचौबट्टा मोटर मार्ग पर अतिक्रमण को चिह्नित किया गया था। अतिक्रमण करने वाले को उसे हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया था। इसके बावजूद उसने अतिक्रमण नहीं हटाया। बुधवार को कानूनगो सुंदर सिंह परिहार, राजस्व उपनिरीक्षक पंकज सिंह मर्तोलिया जेसीबी लेकर बलपूर्वक अतिक्रमण तुड़वाने के लिए टीम मौके पर गई। विभाग की टीम को देखकर ग्रामीण ने स्वयं अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया। राजस्व उपनिरीक्षक मर्तोलिया ने बताया कि ग्रामीण सूरज कार्की ने नायल धपोला में सड़क किनारे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर ढाबा और दुकान बनाई थी। उन्होंने दो पक्की दुकान की दर भी बनाई थी। समीप ही एक टिन शेड अस्थायी ढांचा तैयार किया था। टीम ने पूरी तरह से अतिक्रमण को हटा दिया है। ग्रामीण को भविष्य में अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद