प्राथमिक शिक्षक संघ के अधिवेशन में मौजूद विधायक करन माहरा।
- फोटो : अमर उजाला
प्राथमिक शिक्षक संघ का ब्लॉक अधिवेशन बृहस्पतिवार को ताड़ीखेत में हुआ। उद्घाटन करते हुए विधायक करन माहरा ने कहा कि शिक्षक भी अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाएं। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। साथ ही उन्होंने सरकार को सरकारी और प्राइवेट के बजाए एक ही शिक्षा प्रणाली लागू करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने विकासखंड सभी के प्राथमिक और जूनियर हाइस्कूलों में विकासकार्यों के लिए विधायक निधि से 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
विधायक माहरा ने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षकों को पूर्ण मनोयोग और ईमानदारी के साथ बच्चों का मार्ग प्रशस्त करना होगा। शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए वह अपने स्तर से प्रयास करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी एचआर राजन ने शैक्षिक उन्नयन के लिए अभिभावकों से भी सहयोग करने की अपील की। अध्यक्षता करते हुए उप खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी ने भी शैक्षिक व्यवस्था पर प्रकाश डाला। संचालन जिला कोषाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने किया। इस दौरान बीआरसी सुंदर चंद्र जोशी, ख्याली दत्त रिखाड़ी, राजेंद्र घुघत्याल आदि शिक्षक थे।