रामनगर भतरौंजखान मार्ग में बनकोट के पास दुर्घटनाग्रस्त टाटा सूमो।
- फोटो : ALMORA
भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। दिल्ली से द्वाराहाट आ रही टाटा सूमो रामनगर-भतरौंजखान मोटर मार्ग पर मछोड़ के बनकोट में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भतरौंजखान में इलाज के बाद उन्हें रानीखेत भेज दिया गया। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। वाहन में चालक समेत आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। बाद में वह खुद थाने पहुंच गया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को सूमो (यूके07टीबी3445) दिल्ली से द्वाराहाट आ रही थी। सुबह 5:10 बजे बनकोट के पास वाहन अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन सवार तारादत्त भट्ट (51) पुत्र शंकरदत्त भट्ट मूल निवासी धनखल द्वाराहाट और शेर सिंह बिष्ट (60) पुत्र बहादुर बिष्ट निवासी कारचूली चिलियानौला की मौके पर ही मौत हो गई। शेर सिंह की पत्नी लक्ष्मी बिष्ट (58), कमल पंत (23) पुत्र स्व. माधवानंद पंत निवासी ग्राम कालीखोली द्वाराहाट, प्रमोद भट्ट (37) पुत्र बंशीधर भट्ट निवासी धनखल द्वाराहाट, उनकी पत्नी किरन भट्ट (33) और चार वर्षीय पुत्र करन घायल हो गए।
सूचना पर भतरौंजखान थानाध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची टीम स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क तक लाई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भतरौंजखान से उन्हें रानीखेत रेफर कर दिया गया, जहां राजकीय चिकित्सालय में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के डॉ. अंकित ने बताया कि फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है। दुर्घटना के बाद से चालक संदीप (24) पुत्र गोपाल राम निवासी छतीनाखाल द्वाराहाट फरार हो गया था। बाद में वह स्वयं थाने पहुंचा। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 279, 337, 304 (ए) में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
-