सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर क्षेत्र में कौसानी सड़क के चनौदा-सेलीग्वाड़ो के पास बीते सोमवार देर रात टैंकर और ट्रक की टक्कर से यातायात बाधित हो गया। हादसे के बाद सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। हालांकि छोटे वाहन किसी तरह निकलते रहे।
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे तारकोल से भरा एक टैंकर आगे चल रहा था और उसके पीछे खड़िया (चूना पत्थर) के कट्टों से लदा ट्रक आ रहा था। अचानक टैंकर के ब्रेक लगाने पर पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद टैंकर चालक मौके से वाहन लेकर चला गया जबकि क्षतिग्रस्त ट्रक सड़क पर ही खड़ा रहा। जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह सोमेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। अल्मोड़ा से क्रेन मंगवाई गई। इससे पहले ट्रक में लदा खड़िया दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाया गया। जिसके बाद मार्ग सभी वाहनों के लिए सुचारु रूप से खोल दिया गया।