अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय में जारी अंतर महाविद्यालय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में लोहाघाट महाविद्यालय की टीम ने जीत दर्ज की। दूसरे मैच में टनकपुर महाविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिथौरागढ़ परिसर को पराजित किया।
पहला मैच बेड़ीनाग और लोहाघाट महाविद्यालय की टीमों के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। बेड़ीनाग की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। लोहाघाट की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 135 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेड़ीनाग की टीम 95 रन ही बना सकी और आठ विकेट गंवाकर मैच हार गई।
दूसरे मुकाबले में पिथौरागढ़ परिसर ने पहले बल्लेबाजी कर 82 रन बनाए। जवाब में टनकपुर महाविद्यालय की टीम ने छह विकेट से जीत हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान प्रो. संजीव आर्या, डॉ. कमलेश कुमार भाकुनी, बॉक्सिंग कोच जीवन प्रकाश, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. के.के. खोलिया, हरीश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।