स्याल्दे(अल्मोड़ा)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित तामाढौन-कैहड़गांव मोटर मार्ग की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगभग तीन वर्ष पूर्व बनी यह सड़क अब जगह-जगह से उखड़ चुकी है।
विकासखंड के नजदीकी गांव कैहड़गांव को जोड़ने वाला वल्मरा-कैहड़गांव मोटर मार्ग बने तीन साल भी पूरे नहीं हुए थे कि सड़क का डामर उखड़ने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क शुरुआत से ही घटिया गुणवत्ता की बनाई गई थी। लगभग पांच किलोमीटर लंबा यह मोटर मार्ग तामाढौन, गुनसीड़ा, नौगांव और कैहड़गांव सहित एक हजार से अधिक की आबादी को जोड़ता है लेकिन वर्तमान में सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मोटर मार्ग के कई हिस्सों पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण नहीं किया गया है। सड़क के दूसरी ओर जल निकासी के लिए नालियों का भी अभाव है जिसके कारण बरसात के समय सड़क पर पानी भर जाता है और डामर तेजी से उखड़ रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र नेगी, ग्राम प्रधान ज्योति महरा, चंदन सिंह मनराल, अरुण पपनोई, संतोष पाल मनराल, वासवानंद पपनोई, वीरेंद्र नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
-
इनसेट कोट-
सड़क मरम्मत के लिए प्रस्ताव जिले को भेजा गया है। जैसे ही रुपये प्राप्त होंगे, मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य भी अगले माह से प्रारंभ किया जाएगा। -आलोक कुमार, जेई पीएमजीएसवाई, सल्ट