अल्मोड़ा। स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल की ट्रॉफी पर तलाड़ की टीम ने कब्जा जमाया। भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, डीएसओ महेशी आर्या और जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मैच तलाड़ और खत्याड़ी टीमों के बीच खेला गया जिसमें तलाड़ की टीम ने खत्याड़ी को 6-0 के अंतर से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। तलाड़ की ओर से राकेश ने तीन, अभय ने दो और राजा ने एक गोल दागे।
वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जितेंद्र आर्या, 200 मीटर में पवन कुमार, 800 मीटर में गौतम कुमार, 3000 मीटर दौड़ में दीपक कुमार और चक्का फेंक में दीपक आर्या ने पहला स्थान पाया।
वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में लता, 200 मीटर में रिया आर्या, 400 मीटर में अर्चना आर्या और 800 मीटर दौड़ में निकिता आर्या पहले स्थान पर रहीं। कोच रीता बिष्ट, संजय अधिकारी, विजय सिंह मेहरा, रजत वर्ग एथलेटिक्स जबकि मनीष कनवाल, गौरव, विक्की गोस्वामी, मोनू, करन फुटबॉल प्रतियोगिता के निर्णायक रहे। वहां कोच हरीश गोस्वामी, कैलाश मेहरा, योगेश कुमार, प्रेम सिंह रावत, यशवंत, हीरा लाल, बिशन राम आदि मौजूद रहे।