रानीखेत/द्वाराहाट। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के बच्चों को निशुल्क मोबाइल टैबलेट वितरण योजना की शुरुआत हुई। यहां जीजीआईसी रानीखेत में आयोजित शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेस विधानमंडल दल के उपनेता विधायक करन माहरा ने 30 छात्राओं को टैबलेट बांटे।
जीजीआईसी द्वाराहाट में 65 छात्र-छात्राओं को टैबलेट मिले। 33 टैबलेट जीआईसी और 32 टैबलेट जीजीआईसी की छात्राओं को बांटे गए। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि युगल किशोर आर्या, उप खंड शिक्षा अधिकारी डीएल आर्या, प्रधानाचार्या तनुजा जोशी, जगदीश बोरा, अभिभावक, एसएमसी, पीटीए सदस्य मौजूद रहे।
रानीखेत में भाजपा नेता पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, पूर्व छावनी परिषद उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने भी छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए। इससे पूर्व कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत से अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बीईओ एसएस बिष्ट, प्रधानाचार्य बिसौला देवी, भाजपा नगर अध्यक्ष राजेंद्र जसवाल, नगर पालिका सभासद उमा रावत, दीप भगत, पूर्व ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह बिष्ट, सोनू सिद्दीकी, रमेश जोशी, हंसा दत्त बवाड़ी आदि ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
विधायक ने टैबलेट योजना में बड़े घोटाले की जताई आशंका, सरकार से मांगा जवाब
रानीखेत। कांग्रेस विधानमंडल दल के उपनेता और विधायक करन माहरा ने टैबलेट योजना में बडे़ घोटाले का अंदेशा जताया है। उन्होंने कहा कि जब 14 हजार रुपये प्रति टैबलेट खरीद हुई है तो छात्राओं के खाते में 12 हजार रुपये क्यों डाले जा रहे हैं। उन्होंने निशुल्क टैबलेट योजना की जांच की मांग की। राज्य में लगभग 2.65 लाख बच्चों को पठन-पाठन के लिए राज्य सरकार ने यह योजना शुरू की है। सरकार ने टैबलेट खरीद के लिए प्रति विद्यार्थी को डीबीटी के माध्यम से 12 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक ने यहां वार्ता में कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान मामला उनके संज्ञान में लाया गया था, कि टैबलेट की ऑनलाइन कीमत नौ हजार रुपये है, उसे 14 से 15 हजार में खरीदा जा रहा है, जो बहुत बड़ा घोटाला था। 2.65 लाख टैबलेट पूरे प्रदेश में बांटने हैं, जो 100 करोड़ रुपये से ऊपर का घोटाला बन रहा था। उन्होंने कहा कि जब मैंने इस मामले को मीडिया के माध्यम से उठाया तो उसके बाद सरकार को कदम पीछे खींचने पड़े। इसके बाद तय हुआ कि 12 हजार रुपये के हिसाब से डीबीटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं के खातों में राशि डाली जाएगी। अब सरकार को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।
द्वाराहाट में टैबलेट बांटते विधायक प्रतिनिधि और अन्य। संवाद- फोटो : RANIKHET