अल्मोड़ा। पहाड़ों में भी डेंगू का डंक पैर पसार रहा है। अल्मोड़ा में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर बीमारी से संदिग्ध एक महिला को यहां जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। एक निजी लैब में महिला की डेंगू कार्ड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार, एहतियातन महिला को भर्ती किया गया है और एलाइजा रिपोर्ट के बाद ही डेंगू संक्रमण की असल पुष्टि होगी। धारानौला निवासी 40 वर्षीय एक महिला को कुछ दिन पहले बुखार की शिकायत पर स्वजन उसे जिला अस्पताल ले गए। एक निजी लैब में डेंगू के टेस्ट में महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जबकि अन्य दो टेस्टों में रिपोर्ट निगेटिव आई।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर महिला को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में शिफ्ट किया गया। महिला में डेंगू के संक्रमण और निजी अस्पताल में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन की समस्या बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन अब उस महिला की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।