द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। स्याल्दे विखोती मेला स्थल पर कथित अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग फिर से मुखर होने लगी है। मेले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ऑल, नौज्यूला, गरख धड़ों के मुखियाओं के अलावा तमाम संगठनों ने इसके लिए नगर पंचायत प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो मेले में नगाडे, निशानों के साथ शिरकत नहीं की जाएगी। विरोध को देखते हुए प्रशासन ने सार्थक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मालूम हो कि स्याल्दे विखोती मेला स्थल पर अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग काफी समय से चल रही है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है। मेला समिति की बैठक में तीनों धड़ों के मुखियाओं ने अतिक्रमण के मसले को जोर-शोर से उठाया।
नगर पंचायत अध्यक्ष विमला शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेला कमेटी उपाध्यक्ष एडवोकेट हेम रावत ने पिछली कार्रवाई की आख्या पेश की। आय व्यय सहित तमाम व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मेले के लिए पेयजल, सफाई, पथ प्रकाश, चिकित्सा और शांति व्यवस्था के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा।
मेले का उद्घाटन 12 अप्रैल को दोपहर दो बजे से विमांडेश्वर से शुरू होगा। 13 अप्रेल को द्वाराहाट में ओड़ा भेंटने की रस्म निभाई जाएगी। 14 अप्रेल को तीनों धड़ों के लोग बारी-बारी से ओड़ा भेटेंगे। 15 अप्रेल को मीना बाजार सजेगी। 16 अप्रेल को मेले का विधिवत समापन होगा। संचालन मेला समिति के सचिव नारायण रावत ने किया। बैठक में कैलाश भट्ट, नरेंद्र सिंह अधिकारी, गिरीश चौधरी, लक्षमण सिंह किरौला, मोहन सिंह, रमेश पुजारी, नागेश शाह, जीवन सिंह, मनोज अधिकारी, विरेंद्र बजेठा, चंदन नेगी, तारा लाल शाह, भुवन चौधरी, डीपी शाह, कंचन शाह, विमल शाह, बहादुर सिंह, भूपाल सिंह, देव सिंह रावत, दीवान सिंह राणा, सुरेश, शैलेश फुलारा सहित तमाम लोग मौजूद थे।