स्याल्दे बिखोती मेले में ओड़ा भेंटने की रस्म अदायगी करते विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि। संवाद न्यू
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पाली पछाऊं के ऐतिहासिक स्याल्दे बिखोती मेले में इस बार सिर्फ रस्म अदायगी की गई। बटपुजै मेले के तहत चौराहे पर सादगी के साथ ओड़ा भेंटा गया। पांच-सात लोगों की मौजूदगी में सामाजिक दूरी का भी ख्याल रखा गया। नौज्यूला धड़े के लोगों के अलावा इस रस्म अदायगी में विधायक महेश नेगी और पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
अपनी बारी के अनुसार सोमवार को नौज्यूला धड़े के मेलार्थियों ने कोरोना महामारी के चलते सामाजिक दूरी बनाकर ओड़ा स्थल पर धूपबत्ती कर सूक्ष्म रूप से रस्म अदाएगी की। जिसमें विधायक महेश नेगी, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, हेम रावत, प्रताप बिष्ट, आशीष वर्मा आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व रविवार को बिखोती मेले की रस्म भी ऐतिहासिक शिव मंदिर विभांडेश्वर में सम्पंन हुई। जिसमें बारी के अनुसार दयाल पुजारी ने निशानों के साथ मंदिर में पूजा अर्चना की। शिव मंदिर में शिवलिंग के ऊपर कुंभ भी लटकाया गया। यह कुंभ सावन महीने की पहली गते को उतरेगा। इस अवसर पर सामाजिक दूरी बनाकर रश्म अदा की गई। जिसमें विखोती मेला अध्यक्ष रमेश पुजारी, तारा दत्त पुजारी, नवीन पुजारी शामिल रहे। मंगलवार को लगने वाला मुख्य स्याल्दे मेला में भी आल व गरख धड़े के प्रमुख धूपबत्ती कर रश्म अदायगी करेंगे।