करेंसी की कमी के चलते इन दिनों अनेक लोग स्वाइप मशीनों वाली दुकानों से सामान खरीदना पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि नोट बंदी के बाद से व्यवसायियों में स्वाइप मशीनें लगाने के लिए रुझान बढ़ रहा है। पिछले दो सप्ताह में 20 व्यवसायियों ने स्वाइप मशीनें लगाने के लिए आवेदन कर दिया है। स्वाइप मशीनें लगने से लोगों को सामान खरीदने के बाद एटीएम कार्ड के जरिये भुगतान करने की सुविधा मिल जाती है।
नोट बंदी के बाद से कैश लैस बैंकिंग को बढ़ावा देने की कवायद चल रही है। एटीएम कार्ड रखने वाले लोग भी उन दुकानों में जाकर सामान खरीदना पसंद कर रहे हैं जहां स्वाइप मशीनें लगी हैं। एसबीआई के रीजनल मैनेजर महेश बर्थवाल ने बताया कि नोट बंदी के बाद से जिले के 20 व्यवसायियों ने स्वाइप मशीन लगाने के लिए आवेदन किया है। इनमें से अधिकांश अल्मोड़ा नगर के आवेदन हैं। उन्होंने बताया कि तकनीशियन बुला लिया गया है और सभी 20 स्थानों पर स्वाइप मशीनें शीघ्र लग जाएंगी।
श्री बर्थवाल ने बताया कि अल्मोड़ा जिले में एसबीआई के 60 एटीएम हैं। नए नोटों के हिसाब से तकनीकी बदलाव करने के बाद इनमें से 52 एटीएम चालू हो चुके हैं। अधिकांश एटीएम चालू हो जाने के बाद अब लोगों को पैसे प्राप्त करने में दिक्कत नहीं आ रही है। आरएम ने यह भी बताया कि जिले में करेंसी की कोई कमी नहीं है। हालांकि 500 रुपये के नोटों के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा।