नगर के व्यस्त और संवेदनशील स्थानों की निगरानी सीसी टीवी कैमरों से होगी। विधायक निधि से शहर के 20 अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाने वाले इन कैमरों की मॉनीटरिंग को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनेगा।
संसदीय सचिव मनोज तिवारी ने जिला कार्यालय सभागार में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। शहर की यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और अवांछितों पर अंकुश लगाने को शहर के चुनिंदा स्थानों पर निगरानी को सीसी टीवी स्थापित करने की आवश्यकता जताई गई।
तिवारी ने विधायक निधि से इस काम के लिए बजट देने की संस्तुति दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कैमरे लगाने को स्थान चयन करने को कहा।
तय हुआ कि नगर के अस्पतालों, चौराहों, तिराहों, मालरोड, धारानौला समेत 20 स्थानों में पहले चरण में कैमरे लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर मोबाइल कैमरों और फिक्स कैमरों से निगरानी होगी।
सभी कैमरों को एसपी कार्यालय में स्थापित होने वाले कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। संसदीय सचिव ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि कैमरे लगाने को बजट की कमी नहीं होगी।
पुलिस को आवश्यकता के मुताबिक सीसी टीवी कैमरे मुहैया करा दिए जाएंगे। बैठक में जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी, पालिका के ईओ अशोक कुमार वर्मा आदि मौजूद थे।