द्वाराहाट विकासखंड के राजकीय इंटर कालेज कुलसीवी में शिक्षकों के 11 पद काफी लंबे समय से खाली चल रहे हैं। विज्ञान, अंग्रेजी आदि विषयों के शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। विज्ञान की पढ़ाई के लिए छात्रों को 18 किमी दूर के स्कूलों में जाना पड़ता है।
राजकीय इंटर कालेज कुलसीवी में शिक्षकों के कुल 22 पद सृजित हैं। इनमें से 11 पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। एलटी संवर्ग में व्यायाम, ड्राइंग तथा प्रवक्ता संवर्ग में हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, राजनीतिशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान शिक्षकों के पद रिक्त हैं।
महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। सरकार ने स्कूल का उच्चीकरण तो कर दिया लेकिन उच्चीकरण के बाद शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की। इससे अभिभावकों में रोष है। उन्होंने शिक्षकों के खाली पद शीघ्र नहीं भरे जाने पर स्कूल में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
प्रधान वीरेंद्र प्रकाश ने बताया कि शिक्षकों के खाली पदों की सूचना कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों को दी गई, लेकिन खाली पदों पर आज तक नियुक्ति नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि विज्ञान विषय के शिक्षकों की कमी के कारण छात्र स्कूल में प्रवेश नहीं ले रहे हैं। विज्ञान की पढ़ाई के लिए छात्र यहां से 18 किमी दूर मजखाली अथवा बगवालीपोखर के स्कूलों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने शिक्षकों के खाली पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है।