अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। अब यहां मेडिकल के साथ ही पैरामेडिकल की पढ़ाई होगी। यहां चिकित्सकों के साथ ही तकनीशियन भी तैयार होंगे। ऐसे में पहाड़ के अस्पतालों में तकनीशियनों की कमी दूर होने की उम्मीद है।
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को पैरामेडिकल कोर्स संचालित करने की स्वीकृति मिली है। इससे कॉलेज प्रबंधन में खुशी का माहौल है। अब यहां पैरामेडिकल की पढ़ाई होगी और लैब, एक्स रे, ओटी तकनीशियन तैयार किए जाएंगे। अगले सत्र से इनकी कक्षाओं का संचालन होगा। हर साल यहां 60 तकनीशियन तैयार होंगे। आम तौर पर पहाड़ों के अस्पताल तकनीशियनों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल कोर्स संचालित होने से यहां तकनीशियन तैयार होंगे और तैनाती के बाद अस्पतालों में इनकी कमी दूर होगी। इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में भविष्य में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने की उम्मीद है।
फैकल्टी की होगी नियुक्ति
अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक फिलहाल शुरुआती दौर में यहां तैनात फैकल्टी विद्यार्थियों को पैरामेडिकल का ज्ञान देगी। पहला बैच शुरू होने के बाद इसके लिए जरूरी फैकल्टी की नियुक्ति भी की जाएगी। पैरामेडिकल कोर्स के लिए मेडिकल कॉलेज में पहले से ही भवन तैयार है।
कोट-
मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल कोर्स संचालित करने की अनुमति मिल चुकी है जो बड़ी उपलब्धि है। अगले सत्र से कोर्स संचालित होगा, इसकी तैयारी पूरी है।
प्रो. सीपी भैंसोड़ा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा।