अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने धौलादेवी ब्लाॅक के अति दुर्गम क्षेत्र में स्थित जागनाथ इंटर कॉलेज शौकियाथल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इसमें विद्यार्थियों को कानूनी प्रावधानों और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर की शुरुआत नालसा के प्रेरणादायक थीम गीत एक मुट्ठी आसमान के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों, उनके संरक्षण, उपेक्षा, शोषण से बचाव, गरिमापूर्ण जीवन जीने के अधिकार तथा भरण-पोषण संबंधी कानूनों के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, न्याय तक पहुंच को सुगम बनाने के उपाय, नालसा की मानसिक रोग और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों को कानूनी सेवाएं प्रदान करने वाली योजना 2024, स्थायी लोक अदालतों के लाभों, पीसी एवं नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर अधिकार मित्र यमुना प्रसाद और विजय टम्टा भी मौजूद रहे।